दिल्ली के जल मंत्री को भी लगा राजरोग

0
19

– अरुण तिवारी –

kapil-mishra,rajyogपरसों खबर मिली कि विशेषज्ञ समिति ने माना है कि श्री श्री रविशंकर द्वारा गत् वर्ष यमुना पर किए आयोजन के कारण यमुना की क्षति हुई है। कल खबर मिली कि दिल्ली के जलसंसाधन मंत्री श्री कपिल मिश्रा ने विशेषज्ञ समिति के निष्कर्षों का मज़ाक ही नहीं उड़ाया, बल्कि श्री श्री को पुनः यमुना तट पर आयोजन हेतु आमंत्रित भी किया है। मज़ाक भी किसी प्राइवेट लिमिटेड विशेषज्ञ समिति का नहीं, बल्कि खुद भारत के सरकार के जलसंसाधन मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में गठित विशेषज्ञ समिति का उड़ाया गया है।

दुखद भी, अविश्वसनीय भी

मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि पर्यावरण विशेषज्ञ समिति का मज़ाक उड़ाने वाला यह शख्स वही है, जिसे मैने पर्यावरण के जाने-माने विशेषज्ञ स्व. श्री अनुपम मिश्र की अन्तिम संस्कार के मौके पर गांधी शांति प्रतिष्ठान से लेकर निगम बोध घाट तक हर जगह घंटों हाथ बांधे खड़ा देखा था। नई दिल्ली में आयोजित भारत नदी सप्ताह के मौके पर स्व. श्री अनुपम मिश्र की संगत करते इस शख्स का वक्तव्य सुनकर तब यह आभास ही नहीं हुआ था कि एक मंत्री की कथनी और कथनी में इतना फर्क भी हो सकता है। संभवतः यह आभास स्व. श्री अनुपम मिश्र को हमेशा से था। इसीलिए वे कहा करते थे कि सत्ता पाने पर अच्छे लोगों को भी राजरोग लग जाता है। वे राजरोगी हो जाते हैं। अनुपम होते तो शायद कहते – ”कपिल अच्छे आदमी है, लेकिन आप क्यों भूलते हैं कि वह राजरोगी भी हैं। राजरोगियों से जनयोग की अपेक्षा करना ही भूल है। जब राज जायेगा, राजरोग अपने आप चला जायेगा। अरुण भाई, थोड़ा तो इंतजार करो।”

पृष्ठभूमि

गौरतलब है कि पिछले साल श्री श्री रविशंकर की अगुवई में  दिल्ली में विश्व सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया था। यह आयोजन मयूर फेज वन के सामने यमुना डूब क्षेत्र पर हुआ था। इसे लेकर यमुना जियो अभियान के श्री मनोज मिश्र ने राष्ट्रीय हरित पंचाट में अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं। आपत्तियों को महत्वपूर्ण मानते हुए हरित पंचाट ने आयोजकों को दोषी करार दिया था और एक विशेषज्ञ समिति को यह जिम्मा सौंपा था कि वह आकलन कर बताये कि यमुना पारिस्थितिकी को कितना नुकसान हुआ है और उसकी भरपाई में कितना खर्च व वक्त लगेगा। विशेषज्ञ समिति की अध्यक्षता भारत सरकार के जलसंसाधन मंत्रालय के सचिव शशिशेखर को सौंपी गई थी।

समिति आकलन

लंबा वक्त लगाने के बाद विशेषज्ञ समिति ने अपना आकलन पेश किया। समिति ने कहा कि विश्व सांस्कृतिक महोत्सव ने यमुना के डूब क्षेत्र को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। सबसे ज्यादा नुकसान उस जगह हुआ है, जहां विशाल स्टेज बनाया गया था। ऐसा अनुमान है कि यमुना नदी के पश्चिमी भाग के बाढ़ क्षेत्र में करीब 120 हेक्टेयर और पूर्वी भाग में करबी 50 हेक्टेयर बाढ़ क्षेत्र पारिस्थितिकीय रूप से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसे ठीक करने में दस साल का वक्त लगेगा। श्री श्री रविशंकर के इस कार्यक्रम से यमुना की पारिस्थितिकी को हुए भौतिक नुक़सानको ठीक करने में 28.73 करोड़ और जैविक नुकसान की भरपाई करने में 13.29 करोड़ रुपये लगेंगे।

जलमंत्री की प्रतिक्रिया

संवाददाता सूत्रों से दिल्ली के एक प्रतिष्ठित अखबार में छपी खबर के अनुसार, श्री कपिल मिश्रा ने इस निष्कर्ष का मज़ाक उड़ाया। श्री कपिल मिश्रा ने कहा  – ”यह तो बिल्कुल वैसा ही है, जैसे कि विश्व सांस्कृतिक कार्यक्रम से पहले यमुना में डाॅल्फिन तैरती थी। विश्व भर से पर्यटक यहां अचंभे के तौर पर आते थे। उस समय श्री श्री आये…….उन्होने इसे इतनी क्षति पहुंचा दी कि उसे बहाल करने में दस साल का समय लग जायेगा।”

दुर्भाग्यपूर्ण है कि बतौर जलमंत्री श्री कपिल मिश्र जहां यमुना को पुनर्जीवित करने के लिए हरसंभव कोशिश करने की संकलप जता रहे थे, वह आज दिल्ली की यमुना में  घुलित आॅक्सीजन की शून्य मात्रा का आंकड़ा पेश कर उसे नाला बताने में लगे हैं। कटे पर नमक यह श्री मिश्र ने कहा कि इस कार्यक्रम को यमुना तट पर बार-बार आयोजित होना चाहिए। इतना ही विशेषज्ञता और जनभावना के साथ-साथ न्यायपालिका और कार्यपालिका का भी एक तरह से मज़ाक ही उड़ा रहे हैं। यह राजरोग नहीं तो और क्या है ? काश कि यह झूठ हो; वरना् यह दुखद भी है और दिल्ली में आम आदमी पार्टी के भविष्य को लेकर आत्मघाती भी।

________________

arun-tiwari-story-by-arun-tiwariarticle-by-arun-tiwari21परिचय -:

अरुण तिवारी

लेखक ,वरिष्ट पत्रकार व् सामजिक कार्यकर्ता

1989 में बतौर प्रशिक्षु पत्रकार दिल्ली प्रेस प्रकाशन में नौकरी के बाद चौथी दुनिया साप्ताहिक, दैनिक जागरण- दिल्ली, समय सूत्रधार पाक्षिक में क्रमशः उपसंपादक, वरिष्ठ उपसंपादक कार्य। जनसत्ता, दैनिक जागरण, हिंदुस्तान, अमर उजाला, नई दुनिया, सहारा समय, चौथी दुनिया, समय सूत्रधार, कुरुक्षेत्र और माया के अतिरिक्त कई सामाजिक पत्रिकाओं में रिपोर्ट लेख, फीचर आदि प्रकाशित।

1986 से आकाशवाणी, दिल्ली के युववाणी कार्यक्रम से स्वतंत्र लेखन व पत्रकारिता की शुरुआत। नाटक कलाकार के रूप में मान्य। 1988 से 1995 तक आकाशवाणी के विदेश प्रसारण प्रभाग, विविध भारती एवं राष्ट्रीय प्रसारण सेवा से बतौर हिंदी उद्घोषक एवं प्रस्तोता जुड़ाव।

इस दौरान मनभावन, महफिल, इधर-उधर, विविधा, इस सप्ताह, भारतवाणी, भारत दर्शन तथा कई अन्य महत्वपूर्ण ओ बी व फीचर कार्यक्रमों की प्रस्तुति। श्रोता अनुसंधान एकांश हेतु रिकार्डिंग पर आधारित सर्वेक्षण। कालांतर में राष्ट्रीय वार्ता, सामयिकी, उद्योग पत्रिका के अलावा निजी निर्माता द्वारा निर्मित अग्निलहरी जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के जरिए समय-समय पर आकाशवाणी से जुड़ाव।

1991 से 1992 दूरदर्शन, दिल्ली के समाचार प्रसारण प्रभाग में अस्थायी तौर संपादकीय सहायक कार्य। कई महत्वपूर्ण वृतचित्रों हेतु शोध एवं आलेख। 1993 से निजी निर्माताओं व चैनलों हेतु 500 से अधिक कार्यक्रमों में निर्माण/ निर्देशन/ शोध/ आलेख/ संवाद/ रिपोर्टिंग अथवा स्वर। परशेप्शन, यूथ पल्स, एचिवर्स, एक दुनी दो, जन गण मन, यह हुई न बात, स्वयंसिद्धा, परिवर्तन, एक कहानी पत्ता बोले तथा झूठा सच जैसे कई श्रृंखलाबद्ध कार्यक्रम।

साक्षरता, महिला सबलता, ग्रामीण विकास, पानी, पर्यावरण, बागवानी, आदिवासी संस्कृति एवं विकास विषय आधारित फिल्मों के अलावा कई राजनैतिक अभियानों हेतु सघन लेखन। 1998 से मीडियामैन सर्विसेज नामक निजी प्रोडक्शन हाउस की स्थापना कर विविध कार्य।

संपर्क -:
ग्राम- पूरे सीताराम तिवारी, पो. महमदपुर, अमेठी,  जिला- सी एस एम नगर, उत्तर प्रदेश ,  डाक पताः 146, सुंदर ब्लॉक, शकरपुर, दिल्ली- 92
Email:- amethiarun@gmail.com . फोन संपर्क: 09868793799/7376199844

Disclaimer : The views expressed by the author in this feature are entirely his own and do not necessarily reflect the views of INVC NEWS.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here