अफगानिस्तान होगा अहम मुद्दा

0
28

भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच आज यानी शनिवार को टू-प्‍लस-टू वार्ता होगी, जिसमें अफगानिस्तान अहम मुद्दा होगा। इसमें दोनों ही तरफ से रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री शामिल होंगे। इस वार्ता में हिस्‍सा लेने के लिए ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री मारिस पायने और रक्षा मंत्री पीटर डुटोन शुक्रवार को भारत पहुंच गए हैं। भारत पहुंचने के बाद ऑस्ट्रेलियाई रक्षामंत्री की भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से द्विपक्षीय मुलाकात भी हुई है। दोनों पक्ष अफगानिस्तान की स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 22 सितंबर को प्रस्तावित अमेरिका यात्रा और क्वाड की बैठक से पहले भारत – ऑस्ट्रेलिया की टू प्लस टू बैठक काफी अहम है। ऑस्ट्रेलिया भी क्वाड का सदस्य है। प्रधानमंत्री मोदी 24 को अमेरिका में क्वाड की बैठक में हिस्सा लेंगे और उनकी द्विपक्षीय मुलाकातें भी होंगी। सूत्रों के मुताबिक, अफगानिस्तान की स्थिति टू प्लस टू वार्ता के केंद्र में हैं। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक मजबूत करना भी बैठक का मकसद है। सूत्रों ने कहा, अफगानिस्‍तान के वर्तमान हालात से भारत और ऑस्ट्रेलिया चिंतित हैं। आतंकवाद और हिंसा के अलावा कट्टरपंथ की चुनौती को भी काफी बड़ा माना जा रहा है।

सूत्रों ने कहा, दोनों देश फिलहाल अफगानिस्तान की स्थिति पर इंतजार करने की रणनीति अपना रहे हैं। हाल ही में अफगानिस्‍तान में गठित होने वाली नई सरकार से भी दोनों देश काफी निराश हैं। दोनों देश मान रहे हैं कि तालिबान ने जो वादे किए हैं, उस पर उन्‍हें कायम रहना चाहिए, लेकिन अभी तक ऐसा दिखाई नहीं दे रहा है। तालिबान ने कहा था कि उसकी सरकार में सभी का समान अधिकार होंगे और सभी के अधिकारों का सम्‍मान किया जाएगा। उनके अधिकारों की रक्षा भी की जाएगी। लेकिन, वहां से जो रिपोर्ट आ रही हैं, उनके मुताबिक फिलहाल ऐसा होता दिखाई नहीं दे रहा है।
वार्ता में दोनों देशों के बीच हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणीतिक साझेदारी के तहत रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूती देने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। आस्ट्रेलिया के साथ यह पहली टू प्लस टू वार्ता है। इसके बारे में 4 जून, 2020 को दोनों देशों की बैठक में फैसला किया गया था। अफगानिस्‍तान में चीन की सक्रिय भूमिका को देखते हुए ये वार्ता और खास हो गई है। इसके अलावा दक्षिण चीन सागर के मुद्दे पर भी आस्‍ट्रेलिया और भारत का एक समान हित और चिंताएं जुड़ी हैं। इस वार्ता में कोरोना महामारी को लेकर भी चर्चा संभव है। PLC

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here