
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण और दहशत के बीच देश में पहली बार 10 दिनों के लिए सभी यात्री ट्रेनें रद्द कर दी गईं। मुंबई लोकल समेत, लखनऊ, कोलकाता, दिल्ली व नोएडा मेट्रो और सभी राज्यों में अंतरराज्यीय बस सेवा 31 मार्च तक नहीं चलेगी। दिल्ली, बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश सहित 23 राज्यों को लॉकडाउन कर दिया गया। यूपी सहित 17 राज्यों व पांच केंद्र शासित प्रदेशों के 82 जिलों को भी लॉकडाउन किया गया है।पीएम नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव पीके मिश्र और कैबिनेट सचिव राजीव गाबा की अध्यक्षता में रविवार को हुई उच्च स्तरीय बैठक में विभिन्न राज्यों के 82 ऐसे जिलों को लॉकडाउन करने का फैसला हुआ, जिनमें संक्रमण के मरीज मिले हैं या मौत हुई है। अधिकारियों ने कहा कि यह फैसला संक्रमण का प्रसार रोकने के लिए किया गया है। शनिवार रात राजस्थान और मिजोरम में पूर्ण लॉकडाउन के बाद रविवार को दिल्ली, बिहार, पंजाब, तेलंगाना, उत्तराखंड, गोवा, आंध्र प्रदेश, नगालैंड, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ भी पूर्ण लॉकडाउन कर दिया गया। वहीं, बाकी राज्यों में भी आंशिक बंदी की गई है।
31 तक सिर्फ मालगाड़ियां चलेंगी
रेलवे ने कहा, 31 मार्च तक सिर्फ मालगाड़ियां चलेंगी, ताकि जरूरी चीजों की आपूर्ति बनी रहे। रद्द ट्रेनों में जिन यात्रियों की बुकिंग है वह 21 जून तक रिफंड ले सकते हैं।
गुरुग्राम, फरीदाबाद में फैक्टरियां 31 तक बंद
हरियाणा में गुरुग्राम और फरीदाबाद की औद्योगिक इकाइयां, व्यावसायिक प्रतिष्ठान 31 मार्च तक बंद रहेंगे। बेहद जरूरी सेवाओं से संबंधित प्रतिष्ठान और औद्योगिक इकाइयां ही चलेंगी।
इन राज्यों के ये जिले लॉकडाउन
आंध्र प्रदेश: प्रकासम, विजयवाड़ा, विशाखापत्तनम
चंडीगढ़
छत्तीसगढ़: रायपुर
दिल्ली: सेंट्रल दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली
गुजरात: कच्छ, राजकोट, गांधीनगर, सूरत, वडोदरा, अहमदाबाद
हरियाणा: फरीदाबाद, सोनीपत, पंचकूला, पानीपत, गुरुग्राम
हिमाचल प्रदेश: कांगड़ा
जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर, जम्मू
कर्नाटक: बंगलूरू, चिक्काबल्लापुरा, मैसूर, कोडागू, कलबुर्गी
केरल: अलापुझा, एर्नाकुलम, इदुकी, कन्नूर, कासरगोड़, कोट्टायम, मल्लापुरम, पथनमथिट्टा, तिरुवनंतरपुरम, त्रिशूर
लद्दाख: कारगिल, लेह
मध्य प्रदेश: जबलपुर
महाराष्ट्र: अहमदनगर, औरंगाबाद, मुंबई, नागपुर, मुंबई उपनगर, पुणे, रत्नागिरी, रायगढ़, ठाणे, यवतमाल
राजस्थान: भीलवाड़ा, झुंझुनू, सीकर, जयपुर
तमिलनाडु: चेन्नई, ईरोड, कांचीपुरम
ओडिशा: खुर्दा
पुडुचेरी: माहे
पंजाब : होशियारपुर, साहिबजादा अजित सिंह नगर, शहीद भगत सिंह नगर
तेलंगाना: भद्राद्री, कोथागुडेम, हैदराबाद, मेडची, रांगा रेड्डी, सांगा रेड्डी
उत्तर प्रदेश: आगरा, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, वाराणसी, लखीमपुर खीरी, लखनऊ समेत कुल 16 जिले
उत्तराखंड: देहरादून
पश्चिम बंगाल: कोलकाता, उत्तरी 24 परगना PLC.