साधना त्यागी के लघु कथा संग्रह का हुआ विमोचन – मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने की प्रशंसा

0
29

आई एन वी सी,रायपुर,मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह,मुख्यमंत्री ,डॉ. रमन सिंह,साधना त्यागी ,अंधेरी गली का उजियारा,आई एन वी सी,
रायपुर,
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में श्रीमती साधना त्यागी की लघु कथाओं के संकलन ‘अंधेरी गली का उजियारा’ का विमोचन किया। उन्होंने शहर के राजधानी विहार (सड्ढू) निवासी लेखिका श्रीमती त्यागी को उनकी लघु कहानियों की इस किताब के प्रकाशन पर बधाई और शुभकामनाएं दी। विमोचन के सादगीपूर्ण और संक्षिप्त कार्यक्रम में जनसम्पर्क विभाग के सचिव श्री एम.के. त्यागी और साहित्यकार श्री संजीव बख्शी भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने पुस्तक की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस लघु कथा संग्रह में श्रीमती त्यागी द्वारा रचित 24 कहानियां शामिल हैं, जिनके विभिन्न पात्रों के जरिये लेखिका ने सामाजिक विसंगतियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ उजागर करने का प्रयास किया है। डॉ. सिंह ने कहा कि श्रीमती त्यागी के लघु कथा संग्रह की प्रत्येक कहानी की विषय वस्तु  हमारे आस-पास के सामाजिक परिवेश में सामान्य लोगों के जीवन की घटनाओं पर केन्द्रित है। संग्रह की प्रत्येक लघु कथा पाठक के हृदय को छू लेती है। मुख्यमंत्री ने श्रीमती त्यागी द्वारा अपने घर के आस-पास की श्रमिक बस्तियों के गरीब बच्चों को स्वेच्छा से पढ़ाने के कार्य की जानकारी मिलने पर कहा कि यह उनका अनुकरणीय कार्य है।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि श्रीमती त्यागी राजनीति विज्ञान और हिन्दी में स्नातकोत्तर तथा हिन्दी साहित्य में पी-एच.डी. की उपाधि प्राप्त लेखिका और एक गृहणी भी है। साथ ही श्रमिक परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देकर वे अपने सामाजिक कर्तव्यों का भी निर्वहन कर रही है। ऐसे बच्चों से सम्पर्क होने पर उन्हें अपनी लघु कथाओं के लिए भी कई विषय प्राप्त हुए हैं। नारी हृदय और उसके जीवन तथा गरीबी और अभावों के बीच पलते-बढ़ते बच्चांे के सपनों को साकार करने की तमन्ना भी उनकी लघु कहानियों में झलकती है। इस सिलसिले में उनकी बदलता वक्त, निडर योद्धा, एकला चलो, निर्णय, नौलखा हार, वज्रपात, प्रमोशन जैसी लघु कथाएं विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here