सरकार पशुधन के विकास के विकास के लिए वचनवद्ध

0
13
आई.एन.वी.सी,
हरयाणा,,
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने लोगों से आग्रह किया है कि वे गाय पालने की आदत डालें। उन्होंने कहा कि गौ पालन न केवल हमारी संस्कृति का हिस्सा है बल्कि अर्थव्यवस्था में भी इसका बहुत योगदान है। हमारी संस्कृति में मां, धरती और गाय तीनों को माता का दर्जा दिया गया है। गाय का दूध, मूत्र और गोबर सभी गुणकारी है। लेकिन यह चिन्ता की बात है कि गऊएं, विशेष रूप से शहरों में, सड़कों पर भटकती रहती है और पोलीथिन और कूड़ा कर्कट आदि खाती है।
        श्री हुड्डा ने आज रोहतक के गांव पहरावर में अखिल भारतीय गौशाला के जन्माष्टमी समारोह और वार्षिक सम्मेलन में लोगों को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण भी गौपालक और गौसेवक थे। जन्माष्टमी का दिन और गौशाला का स्थान, वास्तव में बहुत ही शुभ है। श्री हुड्डा ने इस अवसर पर गौशाला में इस्माईला बैरक की आधारशिला रखी और समचाना ओपन शैड का उद्घाटन भी किया।
        मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पशुधन के विकास पर जोर दे रही है। गाय और अन्य पशुओं की नस्ल सुधारने के लिए सरकार ने कई उपाय किए है। श्री हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में 283 गौशालाएं है, जिन्हें सरकार अब तक सात करोड़ 27 लाख रूपये का अनुदान दे चकी है। रोहतक में दो गौशालाएं है। पहरावर गौशाला के लिए शहर से 349 गायों को लाया गया, जिसके लिए निगम ने 20 लाख 50 हजार रूपये की सहायता दी है। निगम प्रत्येक गाय के लिए प्रतिदिन 50 रूपये की सहायता देता है। जिस गौशाला में कम से कम 2000 गऊएं होती है, वहां डिस्पैन्सरी की व्यवस्था की जाती है और जहां 3000 गऊएं होती है, वहां अस्पताल खोले जाते है।
        श्री हुड्डा ने इस अवसर पर गौशाला के लिए 11 लाख रूपये की सहायता भी देने की घोषणा की।
        समारोह की अध्यक्षता पूर्व केन्द्रीय मंत्री और विधायक विनोद शर्मा ने की। उन्होंने भी कहा कि गाय केवल विश्वास, परम्परा और धर्म की बात नहीं है, बल्कि एक जरूरत भी है। गाय की रक्षा करना हमारा धर्म है। राज्य सरकार की पशुधन के विकास की नीति की सराहना करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री की स्वयं गाय के प्रति बहुत आस्था है और वे हर रोज अपने निवास पर गाय को रोटी, गुड़ देते है। श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों की समस्याओं के बारे में भी चिन्तित है और आज ही उन्होंने चंडीगढ में इनके बारे में केन्द्रीय कृषि मंत्री शरद पवार से चर्चा की है। श्री शर्मा ने यह भी कहा कि श्री हुड्डा की कार्यशैली पिछले सभी मुख्यमंत्रियों से अलग है और वे ईमानदारी के साथ प्रदेश की उन्नति में लगे हुए है। श्री शर्मा ने गौशाला के लिए 11 लाख रूपये देने की भी घोषणा की।
        इस अवसर पर विधायक श्री भारतभूषण बत्तरा और श्रीमति शकुन्तला खटक ने भी गौ पालन के महत्व पर प्रकाश डाला। श्री भारतभूषण बत्तरा ने 31 हजार रूपये और श्रीमति खटक ने 11 हजार रूपये की राशि गौशाला को देने की घोषणा की।
        समारोह में मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार प्रो. वीरेन्द्र सिंह और आयुर्वेदिक बोर्ड के अध्यक्ष श्री संजय अत्री ने भी जन्माष्टमी की बधाई देते हुए गौ सेवा की आवश्यकता पर जोर दिया।
        गौशाला के प्रधान नरेश शर्मा और पहरावर के सरपंच श्री प्रवीण कौशिक ने मुख्यमंत्री श्री हुड्डा और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा गौशाला और गांव पहरावर से संबंधित कुछ समस्याओं का जिक्र किया।
        इस अवसर पर जिला कांग्रेस ग्रामीण के अध्यक्ष श्री जयदीप सिंह धनखड़, जयभगवान शर्मा, कर्मवीर मायना, पं. धनीराम, मास्टर शिवकुमार, वासुदेव शर्मा सहित कई स्थानीय नेता मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here