समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षण प्रदान करें : वीरभद्र

0
29

virbhadra singhआई एन वी सी,
शिमला,
मुख्यमंत्री श्री वीरभद्र सिंह ने राज्य के लोगों का आह्वान किया कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर एवं प्रदेश की विविध जीवन शैली को संरक्षण प्रदान करें ताकि हिमाचल प्रदेश की विविधता को बचाए रखा जा सके। यह विचार मुख्यमंत्री ने आज मनाली स्थित मनू कलाकेन्द्र में राष्ट्रीय शरदोत्सव के उद्घाटन समारोह के अवसर पर व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वभर में समृद्ध संस्कृति के लिए जाना जाता है और विविधता में एकता हमारी वास्तविक पंूजी है। उन्होंने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं0 जवाहर लाल नेहरू नियमित मनाली आते थे और हिमाचल प्रदेश तथा यहां के लोगों के प्रति उनके हृदय में विशेष स्थान था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कुल्लू-मनाली के प्रत्येक गांव व बस्तियों का दौरा किया है क्योंकि यह क्षेत्र मण्डी संसदीय क्षेत्र का एक भाग है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने हर क्षेत्र में व्यापक विकास किया है और अधिक विकास की संभावना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सड़क, ऊर्जा और उद्योग प्रदेश की सर्वोच्च प्राथमिकता है क्योंकि यह क्षेत्र आम आदमी से जुड़े हैं और इनमें प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की क्षमता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के लिए आधारभूत ढ़ांचा तैयार करेगी ताकि हिमाचल प्रदेश अगले पांच वर्षों में विकास के मामले में देश का सर्वाधिक विकसित राज्य बन सके। उन्होंने कहा कि नई सरकार, नए उत्साह एवं नई उमंग के साथ कार्य कर रही है और हिमाचल प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की अधिकतर आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है इसलिए प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर विशेष बल दे रही है। स्थानीय विधायक एवं राष्ट्रीय शरदोत्सव मनाली के मुख्य संरक्षक श्री गोविन्द ठाकुर ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के 50 वर्षों से अधिक के राजनीतिक अनुभव से प्रदेश व प्रदेशवासी लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मनाली शहर के विकास के लिए दिल्ली स्कूल ऑफ प्लानिंग एवं आर्चिटेक्ट द्वारा तैयार ‘विजन डाक्यूमेंट’ को लागू करने तथा मनाली में होटल मैनेजमेंट इस्टीच्यूट स्वीकृत करने का भी आग्रह किया। उन्होंने मनाली के पर्यटन विकास के लिए मेगा सर्कट हेतु 50 करोड़ रुपये स्वीकृत करने का भी आग्रह किया। श्री गोविन्द ठाकुर ने मनाली-कटराईं सड़क को पक्का करने के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत करने का भी आग्रह किया। उन्होंने पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए कुल्लू-मनाली सड़क को नैरी चौक से मनाली तक फोरलेन बनाने की भी मांग की। उपायुक्त कुल्लू श्री शरभ नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह और माता हिडिम्बा का चित्र भेंट किया। उपमण्डलाधिकारी मनाली श्री विनय धीमान ने विधायकगण सर्वश्री कर्ण सिंह, खूब राम, महेश्वर सिंह ठाकुर, गोविन्द सिंह ठाकुर और रवि ठाकुर, श्री विक्रमादित्स सिंह और ज़िला परिषद् की उपाध्यक्ष एवं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रामेश्वरी ठाकुर को सम्मानित किया। नगर परिषद् मनाली के अध्यक्ष श्री रूप सिंह नेगी ने धन्यवाद किया। इस अवसर पर ज़िला के अध्यक्ष श्री हरिचन्द शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। श्री धर्मवीर धामी, श्री भुवनेश गौड़, ज़िला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष श्री बुद्धि चन्द ठाकुर भी अन्य के अतिरिक्त इस अवसर पर उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here