व्यापारियों के हितों का ध्यान रखा जायेगा : शिवराज सिंह चौहान

0
11
शिवराज सिंह चौहानआई एन वी सी,
भोपाल, 
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान आज विदिशा में प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास में व्यापारियों की भूमिका अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने व्यापारियों हितों के दृष्टिगत व्यापार उन्नयन बोर्ड का गठन किया है। इसके पीछे सरकार की मंशा है कि व्यापारियों से विचार-विमर्श कर व्यापारी नीति तय की जाये। उन्होंने कहा कि बोर्ड में 8 व्यापार संगठन के प्रतिनिधि शामिल किये जायेंगे, जिसमें से एक विदिशा का होगा। बोर्ड की वर्ष में कम से कम दो बैठक होंगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश की विकास दर देश की विकास दर से कहीं अधिक है। इसमें और तेजी लाने के लिये खेती के अलावा व्यापार और रोजगार क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिये हरसंभव प्रयास किये जा रहे हैं।
 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश को बिजली के क्षेत्र में आत्म-निर्भर बनाने के लिये अक्षय ऊर्जा एवं हवा से बिजली बनाने के संयंत्र अधिक से अधिक लगाये जायेंगे।
 
श्री चौहान ने कार्यक्रम के दौरान विदिशा में विगत दिनों हुई आगजनी की दुर्घटना में मृत किराना व्यापारी के परिजन श्री इन्द्रसेन अरोरा को दस लाख रुपये देने की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि अग्नि दुर्घटना में श्री चन्द्रपाल अरोरा, श्रीमती मीना अरोरा, श्री जतिन अरोरा, श्रीमती पूनम अरोरा और मास्टर माहिर का आकस्मिक मृत्यु हो गई थी।
 
मुख्यमंत्री ने व्यापार महासंघ द्वारा तैयार किये गये केलेण्डर का विमोचन भी किया। कार्यक्रम को श्री गोविन्द गोयल और श्री कैलाश अग्रवाल ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर व्यापार संघों के प्रतिनिधि, व्यापारी और नागरिक मौजूद थे।
 
मुख्यमंत्री श्री चौहान शामिल हुए मध्यान्ह भोजन में  :  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर विदिशा के शासकीय एम.एल.बी. स्कूल में मध्यान्ह भोजन में शामिल हुए। श्री चौहान ने स्कूल की छात्रा कुमारी शिवानी को मिष्ठान्न खिलाकर मध्यान्ह भोजन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने छात्राओं को भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।
 
अरिहंत विहार कॉलोनी में  :  मुख्यमंत्री श्री चौहान अरिहंत विहार कॉलोनी में स्थित जैन मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि कॉलोनी की बुनियादी आवश्यकताओं के लिये प्रदाय की जा रही 2 करोड़ 24 लाख की राशि से करवाये जाने वाले विकास कार्य पूर्ण गुणवत्ता के हों। अरिहंत विहार संघर्ष समिति और अरिहंत विहार जैन मंदिर समिति द्वारा मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत कर स्मृति-चिन्ह भेंट किये गये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here