यादव जी का योगदान अविस्मरणीय

0
26

आई एन वी सी न्यूज़ 
रायपुर,
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बिलासपुर के बृहस्पति बाजार में स्थापित अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री स्व.श्री बी.आर.यादव की आदमकद प्रतिमा अनावरण के साथ ही नगर निगम क्षेत्र में 3 करोड़ 59 लाख रूप्ए के कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने विकास कार्यों के लिये बिलासपुर नगर निगम को 10 करोड़ रूपए देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त नगर पालिका परिषद रतनपुर, तखतपुर और तिफरा को एक-एक करोड़ और नगर पंचायत कोटा, बोदरी, बिल्हा, सकरी, मल्हार, पेण्ड्रा, सिरगिट्टी, गौरेला को 50-50 लाख रूप्ए देने की भी घोषणा की। 

    मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनाने से लेकर सामाजिक आंदोलनों, विकास के कार्यों में स्व.श्री यादव का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने बिलासपुर के बहतराई में नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम का नाम स्व.श्री यादव के नाम पर करने की घोषणा की। अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद जिस तरह परिवार का विभाजन होने पर दुख होता है, वही दुख उन्होंने महसूस किया लेकिन प्रसन्नता है कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ में तेजी से प्रगति हुई। नैसर्गिक संसाधनों से भरपूर इस राज्य ने प्रगति की ओर सतत् कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व से छत्तीसगढ़ में उत्तरोत्तर विकास होगा।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लोक निर्माण मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि स्व.श्री यादव सीधे, सहज, सरल व्यक्तित्व के मालिक थे। श्री साहू ने कहा कि प्रभारी मंत्री होने के नाते वे यह प्रयास करेंगे कि बिलासपुर में विकास का एक अच्छा वातावरण निर्मित हो। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री चरणदास महंत ने अपने संबोधन में कहा कि बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के विकास के लिये स्व. श्री यादव ने जो कार्य किया है, उनके कार्य को आगे बढ़ायें। उन्होंने प्रदेश में सभी धर्माें, समुदाय, वर्गाें के लिये सौहार्द्र का वातावरण निर्मित किया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व विशाल था। कार्यक्रम को बिलासपुर के विधायक श्री शैलेष पाण्डेय, स्व.यादव के पुत्र श्री कृष्ण कुमार यादव, श्री अटल श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 27 हितग्राहियों को 15 लाख रूपये से ज्यादा की राशि प्रथम किस्त के रूप में प्रदान की साथ ही राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत 18 समूहों को 1 लाख 80 हजार रूपये का आवर्ती निधि एवं दो हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र प्रदान किये। 

कार्यक्रम में स्वर्गीय श्री यादव की धर्मपत्नी श्रीमती शांति देवी यादव, तखतपुर विधायक श्रीमती रश्मि सिंह ठाकुर, नगर निगम के महापौर श्री किशोर राय, विधायक श्री मोहित केरकेट्टा, श्री धरमजीत सिंह ठाकुर, श्री रामकुमार यादव, पूर्व सांसद श्रीमती कमला मनहर, श्री रामाधार कश्यप, श्री रामेश्वर निखरा, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष श्री शेख नजरूद्दीन, पूर्व महापौर राजेश पाण्डेय, कलेक्टर डॉ. संजय अलंग, राउत नाचा महोत्सव समिति के अध्यक्ष श्री कालीचरण यादव, नगर निगम के पार्षद, गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।



 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here