मुलायम का मीडिया पर हमला कहा – मीडिया ने देश में मोदी की हवा बनाई

0
27

26-04 gआई एन वी सी ,
लखनऊ ,
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मोदी विकास की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं लेकिन सच्चाई यह है कि मोदी के शासन में गुजरात विकास की राह में बहुत पीछे चला गया है। गुजरात की मोदी सरकार से केवल छह लोगों को फायदा हुआ है। इन्हीं लोगों ने मोदी को चुनाव लड़ने के लिए हजारों करोड़ रूपए देने के साथ ही अन्य सुविधाएं भी दी हैं। मीडिया ने देश में मोदी की जो हवा बनाई थी, वह धीरे-धीरे खत्म हो रही है। मोदी को भी यह बात अब समझ में आ गयी है कि भाजपा को बहुमत नहीं मिलने जा रहा है। इसीलिए वह हताशा और निराशा में डूबते जा रहे हैं।
लोकसभा की कानपुर सीट से सपा उम्मीदवार सुरेंद्र मोहन अग्रवाल के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने मोदी सरकार की जमकर बधिया उखेड़ी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 10 साल पहले गुजरात में मेट्रो रेल चलाने की बात कही थी, लेकिन आज तक मेट्रो रेल शुरू नहीं हो सकी। गुजरात में डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस सबसे ज्यादा महंगी है। गुजरात में रासायनिक खादें सबसे ज्यादा महंगी हैं। गुजरात में 50 फीसदी महिलाएं कुपोषण की शिकार हैं। गुजरात में 89 फीसदी महिलाएं और 90 फीसदी पुरुष असंगठित क्षेत्र में मजदूरी कर रहे हैं। गुजरात के 17 जिलों में पानी की समस्या है। नरेंद्र मोदी की सबसे महत्वाकांक्षी सरदार सरोवर परियोजना का बहुत बुरा हाल है। गुजरात की नदिया देश में सबसे ज्यादा गंदी हैं। गुजरात में मोदी के शासन में सात लाख किसानों ने खुकुशी की है। ये नरेंद्र मोदी के गुजरात का स्याह सच है। गुजरात मॉडल धोखा है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी कुछ भी कर लें, उनका पीएम बनने का सपना पूरा नहीं होगा।       अपने 38 मिनट के भाषण में सपा प्रमुख ने नरेंद्र मोदी और भाजपा पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी तरह से देश की सत्ता हथियाना चाहती है। केंद्र की सत्ता के लिए वह कुछ भी करने पर आमादा हो गयी है। भाजपा सत्ता हासिल करने के लिए माहौल को बिगाड़ सकती है। उन्होंने कहा कि आज देश में भाजपा की जो मौजूदगी है वह कांग्रेस की कमजोरी की वजह से है। कांग्रेस ने भाजपा के सामने हथियार डाल दिए हैं। साम्प्रदायिकता से सिर्फ समाजवादी पार्टी लड़ रही है। समाजवादी पार्टी अकेले भाजपा को रोकेगी। केंद्र की सत्ता का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर जाता है। उत्तर प्रदेश में सपा के पक्ष में हवा है। सपा यहां सबसे ज्यादा सीटें जीतकर भाजपा के केंद्र की सत्ता में पहुंचने के रास्ते को बंद कर देगी।
उन्होंने उत्तर प्रदेश की सपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि पिछले दो साल में जनता के हित में बहुत काम हुए हैं। सपा सरकार ने जो कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं उनका लोगों को फायदा मिल रहा है। उत्तर प्रदेश की जनता पूरी तरह समाजवादी पार्टी के साथ है। लोकसभा चुनाव में सपा की जीत होगी। मुलायम सिंह यादव ने अपनी पार्टी के नेताओं को ताकीद की कि वे चुनाव में एकजुट होकर काम करें। कई जगहों से ऐसी शिकायतें मिली हैं कि पार्टी के नेता अपने उम्मीदवार के पक्ष में काम नहीं कर रहे हैं। मैं ऐसे सभी नेताओं से कहना चाहता हूं कि वे आपसी मतभेदों को भुलाकर चुनाव में जुट जाएं। लोकसभा का यह चुनाव मेरा है।
(

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here