महिला सशक्तिकरण बड़ी जरूरत,रमन सिंह

0
32

international women dayआई एन वी सी न्यूज़
रायपुर,
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कल आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आम जनता सहित महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है। डॉ. सिंह ने महिला दिवस की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी शुभकामना संदेश में कहा है कि महिला सशक्तिकरण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है। महिलाएं घर-परिवार के साथ-साथ समाज और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने उन्हें लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए त्रि-स्तरीय पंचायत राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है, जिसने देश का पहला खाद्य सुरक्षा और पोषण सुरक्षा कानून बनाया है और उसमें राशनकार्ड घर की वरिष्ठ महिला मुखिया के नाम पर जारी करने का कानूनी प्रावधान किया गया है। राज्य में महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के आंदोलन को दूर-दराज गांवों तक पहुंचाया गया है। छत्तीसगढ़ में स्कूली बच्चों के मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के संचालन में भी महिला स्व-सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी देखी जा सकती है। डॉ. सिंह ने कहा कि बालिकाओं के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण को बदलने, कन्या भू्रण हत्या रोकने और बेटियों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए प्रदेश सरकार ने नोनी सुरक्षा योजना की शुरूआत कर दी है। इसमें राज्य शासन द्वारा गरीबी रेखा श्रेणी के परिवार की अधिकतम दो बालिकाओं के नाम पर प्रतिवर्ष पांच-पांच हजार रूपए जीवन बीमा निगम में जमा किए जाएंगे और बालिका 18 वर्ष की होगी तो उसे एक लाख रूपए मिलेंगे। प्रदेश सरकार ने बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कॉलेजों में स्नातक कक्षाओं में उन्हें निःशुल्क शिक्षा देने का निर्णय लेकर उस पर भी अमल शुरू कर दिया है। सरस्वती साईकिल योजना के क्रियान्वयन से राज्य के हाई स्कूलों में बालिकाओं की दर्ज संख्या में उत्साहजनक वृद्धि देखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी महिलाओं के उज्जवल भविष्य की कामना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here