भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने किया पांच पुस्तको का विमोचन

0
24
images (1)आई एन वी सी,
हरियाणा,
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आज हरियाणा भवन, नई दिल्ली में जे.वी. मनीषा की पुस्तक युग यात्रा और डॉ. धर्म देव विद्यार्थी की पांच पुस्तकों का विमोचन किया।  जानी मानी लेखिका जे.वी. मनीषा की पुस्तक पिछले सात दशकों के प्रेम सम्बन्धों पर आधारित कहानियों का संग्रह है, जो समय के साथ प्रेम सम्बन्धों के बदलते स्वरूप को परिलक्षित करती हैं। उनकी हर कहानी एक दशक की प्रेम मर्यादाओं के विभिन्न पहलुओं को उजागर करती है। श्री हुड्डा ने जे.वी. मनीषा के कहानी संग्रह की सराहना करते हुए कहा कि युग यात्रा का यह सिलसिला जारी रहना चाहिये। इससे आने वाली पीढिय़ों को अलग-अलग समय की सामाजिक मर्यादाओं की जानकारी मिलेगी। इससे हमारी संस्कृति की निरन्तरता बनी रहेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह पुस्तक सभी के लिये प्रेरणादायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर फिल्म अभिनेता श्री अखिलेन्द्र मिश्रा भी मौजूद थे। उन्होंने भी श्रीमती मनीषा के प्रयास की सराहना की और उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह पुस्तक लोगों को बहुत पसन्द आयेगी। डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी की पांच पुस्तकें तीन भाषाओं में लिखी गई हैं – हिन्दी में शरारतें, योगासन सुधा और सुकृतियां, संस्कृत में योगासन: और अग्रेजी में दि टार्च बीयरर्स।  श्री हुड्डा ने एक वर्ष के अन्दर तीन भाषाओं में पांच पुस्तकें लिखने के लिए डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी की सराहना की। विशेष रूप से दि टार्च बीयरर्स पुस्तक का ज्रिक करते हुए उन्होंने कहा कि आर्य समाज और डी.ए.वी. संस्थाओं का देश के निर्माण में बहुत योगदान रहा है। आजादी के आन्दोलन में भी आर्य समाज के नेताओं की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आर्य समाज ने शिक्षा के प्रसार में भी महत्वपूर्ण कार्य किया है।    श्री हुड्डा ने डॉ. विद्यार्थी को समाज के लिए उपयोगी पुस्तकें लिखने के लिए बधाई दी। उन्होंने हरियाणा के स्वतन्त्रता सेनानियों के बारे में पुस्तक लिखने के डॉ. विद्यार्थी के प्रयास की सफलता के लिए भी उन्हें शुभकामनायें दीं। इस अवसर पर जाने माने चिकित्सक डॉ. सी. प्रकाश भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here