बेहतर निवेश क्षेत्र के रूप में उभरा है मध्यप्रदेश

0
26
निवेश क्षेत्र के रूपआई एन वी सी,
भोपाल, 
  • ताइवान को निवेश का आमंत्रण दिया मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से आज यहाँ मंत्रालय में ताइवान के व्यापारिक प्रतिनिधि-मंडल ने राजदूत श्री चुग क्वांग के नेतृत्व में भेंट की।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और ताइवान के गहरे सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध है। मध्यप्रदेश के साथ आर्थिक संबंध बढ़ने से दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे। श्री चौहान ने प्रतिनिधि-मंडल को बताया कि मध्यप्रदेश विगत सात साल से आर्थिक विकास की दर में दो अंक की बढ़त बनाये हुए है। यह देश का सबसे तेज गति से बढ़ता प्रदेश है। उन्होंने कहा कि कृषि के क्षेत्र में भी प्रदेश ने 18.91 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि दर हासिल की है। अब निवेश बढ़ाने के लिये बड़े पैमाने पर प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य प्र-संस्करण, इलेक्ट्रानिक्स, निर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, सोलर पेनल निर्माण जैसे क्षेत्र में ताइवान के निवेश प्रस्तावों का स्वागत है।
 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि प्रदेश में औद्योगिक निवेश की नीति और प्रक्रियाएँ उद्योग मित्र और पूरी तरह पारदर्शी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश से एक प्रतिनिधि-मंडल ताइवान भेजा जायेगा। यह प्रतिनिधि-मंडल ताइवान और मध्यप्रदेश के बीच व्यापार एवं निवेश की संभावनाओं का परीक्षण करेगा। उन्होंने ताइवान के निवेशकों और प्रतिनिधि-मंडल को इंदौर में 8,9,10 अक्टूबर 2014 को होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने का आमंत्रण दिया।
 
ताइवान के राजदूत श्री क्वांग ने मुख्यमंत्री की सराहना करते हुए उन्हें लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की सतत विकास वृद्धि दर से नेतृत्व क्षमता साबित होती है। उन्होंने कहा कि पूर्व की ओर रूख करने की वैश्विक दृष्टि से दक्षिण-पूर्व के देशों में व्यापारिक हलचल बढ़ी है। इन देशों में 200 बिलियन यू.एस. डालर का निवेश हुआ है। उन्होंने कहा कि इन देशों के बीच बढ़ती व्यापारिक प्रतिस्पर्धा, उच्च श्रम और अत्यधिक मांग से अब नये निवेश क्षेत्र की तलाश जरूरी हो गई है। भारत और भारत में मध्यप्रदेश में नया निवेश क्षेत्र उभर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत ही एक आशा है। श्री क्वांग ने बताया कि ताइवान का व्यापारिक प्रतिनिधि-मंडल पंजाब भी गया था। उन्होंने कहा कि निवेश की दृष्टि से मध्यप्रदेश में खाद्य प्र-संस्करण, आटो मोबाइल और कृषि क्षेत्र में निवेश की असीम संभावनाएँ हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश की प्रगति की सराहना करते हुए श्री चौहान के नेतृत्व की प्रशंसा की।
 
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने श्री क्वांग को मध्यप्रदेश का साहित्य सेट भेंट किया। श्री क्वांग ने उन्हें ताइवान की ओर से स्मृति-चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री पी.के. दाश, सचिव श्री एस.के. मिश्रा और टाइपई आर्थिक और सांस्कृतिक केन्द्र के भारत में कार्यकारी संचालक डॉ. गुआन जीली उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here