बाढ़ प्रभावित गाँवों का निरिक्षण करने पहुंचे शिवराज सिंह चौहान

0
28

inspecting villagesआई एन वी सी न्यूज़
भोपाल,
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पन्ना जिले के अमानगंज पहुँचकर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गाँवों का दौरा किया। श्री चौहान ने अमानगंज, गढ़ोखर, कमताना, बिल्हा, हिनौती, सिंघोरा सहित कई गाँव में बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ की सूचना मिलते ही वे सभी कार्यक्रम स्थगित कर सतना, रीवा और पन्ना आये हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ की सूचना मिलते ही सड़क मार्ग से इटारसी पहुँचकर ट्रेन पकड़ी और सतना-रीवा में राहत बचाव कार्य का जायजा लेने के बाद पन्ना आये हैं।

श्री चौहान ने कहा कि सरकार बाढ़ पीड़ितों की हरसंभव सहायता करेगी। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का तत्काल सर्वेक्षण करने के निर्देश दिये गये हैं। पूरी पारदर्शिता से सर्वेक्षण कर उचित मुआवजा दिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने नंगे पैर चल नाले के पार जाकर बाढ़ पीड़ितों से भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से मृत व्यक्तियों के परिजन को 4-4 लाख रुपये की सहायता दी जायेगी। क्षतिग्रस्त मकान पर अधिकतम 95 हजार रुपये, जल-भराव वाले मकान और क्षतिग्रस्त झोपड़ी पर 6-6 हजार रुपये दिये जायेंगे। बड़े पशु के लिये 30 हजार, बछड़ा-बछड़ी के लिये 10 हजार, अन्य पशुओं के लिये 3000 और मुर्गा-मुर्गी के लिये 60 रुपये की क्षतिपूर्ति दी जायेगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को तत्काल 50 किलो अनाज नि:शुल्क उपलब्ध करवाया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने कमताना तथा गढ़ोखर में आम जन से संवाद किया। उन्होंने पण्डवन में केन नदी पर बने पुल का निरीक्षण कर कहा कि पुल का तकनीकी परीक्षण करवाया जायेगा। आवश्यक होने पर पुल में सुधार और उसे चौड़ा करने की कार्यवाही की जायेगी। श्री चौहान ने कमताना में ट्रेक्टर में सवार होकर आमजन से वार्तालाप किया।

विधायक श्री महेन्द्र सिंह बागड़ी ने बताया कि जिले के 77 गाँव बाढ़ से प्रभावित हैं। कुल 1775 पीड़ित को 9 राहत शिविर में रखा गया है। बाढ़ से 3 व्यक्ति और 16 पशु की मृत्यु और 1654 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री दोपहर बाद अमानगंज पहुँचे। वहाँ पीएचई मंत्री सुश्री कुसुम महदेले, प्रभारी मंत्री श्रीमती ललिता यादव सहित अन्य जन-प्रतिनिधि से मिलकर बाढ़ के संबंध में जानकारी ली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here