बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में दानवीर तुलाराम परगनिहा की ऐतिहासिक भूमिका: डॉ. रमन सिंह

0
26

आई एन वी सी न्यूज़ रायपुरआई एन वी सी न्यूज़
रायपुर,
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सुप्रसिद्ध समाज सेवी और दानवीर स्वर्गीय श्री तुलाराम परगनिहा की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका थी। डॉ. सिंह स्वर्गीय श्री तुलाराम परगनिहा के गृह ग्राम भिंभौरी (जिला बेमेतरा) में छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज (धमधाराज) के 70वें महाधिवेशन को मुख्य अतिथि की आसंदी से सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों से प्रभावित स्वर्गीय श्री तुलाराम परगनिहा ने छत्तीसगढ़ में एक आर्य समाजी के रूप में भी समाज सुधार की दिशा में सराहनीय प्रयास किए। डॉ. सिंह ने उन्हें छत्तीसगढ़ महतारी का अनमोल रत्न बताते हुए कहा कि वह मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज की एक ऐसी महान विभूति थे, जिन्होंने अपनी जमीन और बहुत सी सम्पत्ति बालिकाओं की शिक्षा के लिए तथा आर्य समाज के लिए दान कर दी। उनकी इस दानशीलता को हमेशा याद रखा जाएगा। डॉ. सिंह ने कहा -छत्तीसगढ़ी को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची की भाषाओं में शामिल कराने के लिए राज्य सरकार केन्द्र के स्तर पर हर संभव पहल कर रही है। प्रदेश में चरणबद्ध ढंग से शराब बंदी लागू करने का भी प्रयास जारी है। उन्होंने शराब बंदी के लिए और भी अधिक जन-जागरण की जरूरत पर बल दिया। डॉ. रमन सिंह इस अवसर पर मनवा कुर्मी समाज द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने दस वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। डॉ. सिंह ने सामूहिक विवाह समारोह आयोजन के लिए मनवा कुर्मी समाज की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने में मनवा कुर्मी समाज रोल मॉडल बन सकता है। खेती किसानी से जुड़ा यह मेहनतकश समाज अब शिक्षा के साथ-साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है।
अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर इस समाज की अनेक ऐसी महान विभूतियों ने जन्म लिया, जिनसे देश और दुनिया को रचनात्मक कार्यों की प्रेरणा मिली। डॉ. सिंह ने इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ राज्य आंदोलन के प्रणेता स्वर्गीय डॉ. खूबचंद बघेल, महान दार्शनिक स्वामी आत्मानंद और पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा देश के प्रसिद्ध पत्रकार स्वर्गीय श्री चंदूलाल चंद्राकर के व्यक्तित्व और कृतित्व को भी याद किया। मुख्यमंत्री ने महान स्वतंत्रता सेनानी और स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल के व्यक्तित्व और उनके महान कार्यों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन और सहकारिता मंत्री श्री दयालदास बघेल, संसदीय सचिव श्री लाभचंद बाफना, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री देवजी भाई पटेल, बेमेतरा के विधायक श्री अवधेश चंदेल विशेष रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मनवा कुर्मी क्षत्रीय समाज की मांग पर ग्राम पंचायत भिंभौरी में सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण के लिए दस लाख रूपए मंजूर करने की घोषणा की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here