दिल्ली को अभी और कंपकपाएगी ठंड, कई राज्यों में पारा शून्य तक गिरा

0
29

देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड कहर ढा रही है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पूरा शहर शीत लहर की चपेट में है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार और शुक्रवार को दिल्ली में दिन में ठंड रहने और शीत लहर चलने का पूर्वानुमान लगाया है। आईएमडी ने बताया कि बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री नीचे जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 18.6 डिग्री दर्ज किया गया। आईएमडी के मुताबिक बुधवार को पालम में दृश्यता गिरकर 100 मीटर हो गई थी। आईएमडी के अनुसार शून्य से 50 मीटर के बीच दृश्यता होने पर कोहरा ‘बेहद घना’ , 50 से 200 मीटर के बीच ‘घना’, 201 से 500 के मीटर के बीच ‘मध्यम’ और 501 से 1000 के बीच दृश्यता होने पर कोहरे को ‘हल्का’ माना जाता है।
आईएमडी ने बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से आने वाली बर्फीली हवाओं के चलते मंगलवार को शीत लहर की घोषणा कर दी थी। दिल्ली में मंगलवार को तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस मौसम में अब तक का शहर का न्यूनतम तापमान था। अधिकतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री कम 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी के अनुसार शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान के पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आईएमडी के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई और अब शीत लहर के मैदानी इलाकों की ओर बहने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है। उन्होंने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को दिन के ठंडे रहने के साथ ही शीत लहर चलने का पूर्वानुमान है।
राजस्थान के ज्यादातर इलाके कड़ाके की सर्दी और कोहरे की चपेट में हैं और गंगानगर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य में अगले दो दिन शीतलहर की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राज्य में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गयी है। मंगलवार रात न्यूनतम तापमान गंगानगर में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पिलानी में 4.4 डिग्री सेल्सियस, चुरू में 5.1 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 5.2 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 6.1 डिग्री सेल्सियस, फलौदी में 6.2 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 7.5 डिग्री सेल्सियस व अलवर में 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के बाकी हिस्सों में भी रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में मौसम शुष्क रहा और राज्य के मनाली, डलहौजी, केलोंग तथा कालपा में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने यहां बुधवार को यह जानकारी दी। विभाग ने कहा कि राज्य में पिछले चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस घट गया। लाहौल स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलोंग राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां तापमान शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तराखंड, हिमाचल से लेकर जम्मू कश्मीर में इन दिनों भारी बर्फबारी हो रही है। इन राज्यों की ज्यादातर जगहों पर बर्फ की सफेद चादर बिछी हुई है। केदारनाथ धाम में 4 फीट से अधिक बर्फबारी हो चुकी है। केदारनाथ धाम को जोड़ने वाला 18 किमी पैदल मार्ग भी बर्फ से ढ़का हुआ है। जबकि उत्तराखंड से रुद्रप्रयाग, औली और बागेश्वर में भयंकर बर्फबारी हो रही है तो हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति से लेकर मंडी में बर्फ ही बर्फ है। PLC.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here