कबीर साहब ने किया एक दिशा दिखाने का काम : डॉ रमन सिंह

0
31
INVCआई एन वी सी न्यूज़
रायपुर,

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज दुर्ग जिले के ग्राम परसदा (कुम्हारी) में आयोजित सद्गुरू कबीर संत समागम और सामूहिक आदर्श विवाह समारोह में कहा – संत कबीर की वाणी में देश और दुनिया की समस्याओं का समाधान मौजूद है। संत कबीर ने आज से छह सौ पहले जो विचार प्रकट किए थे, वे आज भी प्रासंगिक हैं। समाज में शांति और सदभाव स्थापित करने के लिए उनके विचारों को अपनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि कबीर साहेब ने समाज को एक दिशा और रास्ता दिखाने का काम किया है। उन्होंने तत्कालीन समाज में व्याप्त सामाजिक-कुरीतियां-बुराईयों और ऊंच-नीच के भेद को मिटाने और समाज में सामाजिक समरसता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने समारोह में सभी दस जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। इनमें से पांच बेटियों का विवाह मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सम्पन्न हुआ। साथ ही योजना की पात्रता में नहीं आने वाली शेष पांच बेटियों को मुख्यमंत्री ने अपने स्वेच्छानुदान से 15-15 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि देने की स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पंथ श्री हुजुर प्रकाश मुनि नाम साहेब दामाखेड़ा से आशीर्वाद भी ग्रहण किया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि संतों की वाणी सकारात्मक शक्ति और भाव पैदा करती है। संतों के आगमन से उनका आशीर्वाद लेने का सौभाग्य भी हमें प्राप्त होता है। उन्हांेने आगे कहा कि संत कबीर की वाणी और उपदेश पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक हैं। कबीर की वाणी पूरे विश्व में शांति और सद्भाव पैदा करने की वैचारिक शक्ति पैदा करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में कबीरधाम एकमात्र ऐसा जिला है, जिसका नामकरण संत श्री कबीर के नाम पर किया गया है।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती रमशीला साहू ने कहा कि भारत की धरती में अनेक संतों का अवतरण हुआ है। संतों के उपदेश और आशीर्वाद से मानव जीवन के कल्याण का मार्ग खुलता है। इस अवसर पर वैशाली नगर विधायक श्री विद्यारतन भसीन, जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती माया बेलचंदन, पूर्व सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय, पूर्व मंत्री श्री जागेश्वर साहू, पूर्व विधायक श्री विजय बघेल सहित जिला कलेक्टर श्रीमती आर. शंगीता और कबीर पंथ समाज के अनुयायी बड़ी संख्या मंे उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन कबीर पंथ समाज के परसदा गांव के महिला एवं युवा मण्डल द्वारा किया गया। सद्गुरू कबीर समागम के तीन दिवसीय कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही देशभर के अनेक संत और अनुयायी शामिल हो रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here