आज हम इन वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित कर खुद सम्मानित हो रहे हैं – शिवराजसिंह चौहान

0
28

आई.एन.वी.सी,,

भोपाल,,

मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि भारत रत्न का पहला हकदार कोई खिलाड़ी है तो वह हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद हैं। उनके जैसे खिलाड़ी सदियों में कभी-कभार ही आते हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहां भारतीय हॉकी टीम द्वारा 1936 के बर्लिन ओलम्पिक विजय के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। हॉकी की नर्सरी भोपाल में आयोजित इस अनूठे कार्यक्रम में ओलम्पिक में वर्ष 1964 से वर्ष 2000 तक भाग लेने वाले कई वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में खेल, पर्यटन एवं युवा कल्याण मंत्री श्री तुकोजीराव पवार और प्रसिद्ध अभिनेता श्री रज़ा मुराद भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आगे कहा कि आज हम इन वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित कर खुद सम्मानित हो रहे हैं। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने कभी कोई मैच नहीं हारा, वे विजय के प्रतीक थे। उन्होंने तीन ओलम्पिक में स्वर्ण पदक की प्राप्त कर हेट्रिक बनाई थी। केन्द्र सरकार ने 1956 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया था। पहली बार किसी खिलाड़ी के नाम पर डाक टिकिट जारी हुआ तो वे मेजर ध्यानचंद थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सचिन तेन्दुलकर भी करिश्माई खिलाड़ी हैं, हमें उन पर गर्व है पर भारत रत्न हॉकी के जादूगर ध्यानचंद को पहले दिया जाना चाहिये। उन्होंने हॉकी के वरिष्ठ खिलाड़ियों से आग्रह किया कि हॉकी को आगे बढ़ाने और प्रतिष्ठा दिलाने के लिये काम करें। इस काम में राज्य सरकार पूरी मदद करेगी। प्रदेश में हॉकीअकादमी बनाई गई है जो हॉकी के खिलाड़ी तैयार कर रही है। प्रदेश में हॉकी के लिये चार एस्ट्रोटर्फ बनाये गये हैं। उन्होंने कहा कि हॉकी में ओलम्पिक का स्वर्ण पदक प्राप्त करना हम सबका सपना है। इसके लिये सब मिलकर कार्य करें। उन्होंने भोपाल में हॉकी अकादमी के स्टेडियम का नाम मेजर ध्यानचंद के नाम पर करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों का भोपाल में मुख्यमंत्री निवास में सम्मान किया जायेगा तथा उन्हें एक-एक लाख रूपये की सम्मान राशि भेंट की जायेगी।

आज का यह अनूठा कार्यक्रम हॉकी में बर्लिन ओलम्पिक की जीत के जश्न और वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों के सम्मान का था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने जिन ओलम्पिक और अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों का सम्मान किया उनमें सर्वश्री गुरबख्श सिंह, मुखबेन सिंह, इनाउर रहमान, चाल्स कर्नेलियस, अजीत सिंह, अशोक ध्यानचंद, वीरेन्द्र सिंह, अशोक दीवान, सैय्यद अली, हरचरण सिंह, मीररंजन नेगी, जलालउद्दीन रिजवी, सुजीत कुमार, समीर दाद, मोहम्मद युसूफ, सलीम अब्बासी, खुरशीर अली, अलताफ उर रहमान, अब्दुल गफुर खां, देवेन्द्र सिंह, संजय बिस्ट, सुबोध खांडेकर, जमशेर खां, दीपक जैम्स, हसरत कुरैशी, ईशरत अली और एम.पी सिंह शामिल हैं।

कार्यक्रम में इन वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को ज्ञापन दिया। इसमें मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न से सम्मानित करने की अनुशंसा केन्द्र सरकार को भेजने का अनुरोध किया गया है। कार्यक्रम में संचालक खेल एवं युवा कल्याण श्री संजय चौधरी सहित बड़ी संख्या में हॉकी प्रेमी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here