आजादी के दीवानों का सपना था कि देश की तरक्की हो और हर व्यक्ति के पास छत हो, वस्त्र हों और कोई भूखा न रहे : भूपेन्द्र सिंह हुड्डा

0
30

भूपेन्द्र सिंह हुड्डासंजय राय,
आई एन वी सी,
हरियाणा,
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उन्होंने पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास करवाया है और अम्बाला में अब औद्योगिक माडल टाउनशिप स्थापना की जा रही है। परन्तु निहित स्वार्थी लोगों और भाजपा व इनेलो के कारण इसे अमल में नहीं लाया जा सका। मुख्यमंत्री आज हुडा ग्राउंड, अम्बाला शहर में भगत सिंह, राजगुरू व सुखदेव की शहीदी दिवस पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं अम्बाला शहर के विधायक विनोद शर्मा द्वारा आयोजित विशाल शहीदी दिवस समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। अम्बाला शहर के विधायक और पूर्व मंत्री विनोद शर्मा इस कार्यक्रम के संयोजक थे। हुड्डा ने कहा कि शुरूआती दौर में दो आईएमटी स्थापित करने की घोषणा की है, जिनमें से एक अम्बाला में दूसरी उसकी अपने विधानसभा क्षेत्र में है। परन्तु अम्बाला में कुछ लोगों द्वार विरोध के कारण इसे अमल में नहीं लाया जा सका। वह यह बताने चाहतें हैं कि अम्बाला में आईएमटी स्थापित करने का उनका निर्णय लोगों और क्षेत्र के लिए लाभदायक है। यदि ऐसा नहीं होता तो अपने क्षेत्र में इस प्रौजेक्ट का लगाने का निर्णय क्यों लेते। उन्होेंने विधानसभा में भी यह साफ कर दिया था कि वह अम्बाला में आईएमटी स्थापित करने के लिए अभी भी तैयार हैं। उन्होंने आईएमटी का विरोध करने वाले नेताओं की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि उन्होंने अम्बाला के विकास में रोड़ा अटकाने के साथ-साथ अम्बाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरूक्षेत्र के उन लाखों युवाओं के भविष्य से भी खिलवाड़ किया है, जिन्हें इस परियोजना के माध्यम से रोजगार मिलना था। उन्होंने कहा कि जो नेता जनता द्वारा दी गई राजनैतिक ताकत का प्रयोग व्यक्तिगत स्वार्थों के लिए करते हैं, वह राजनीति में लम्बे समय तक नही टिक सकते। उन्होंने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि जनता द्वारा दी गई ताकत का इस्तेमाल वे पूरी ईमानदारी से जनता की सेवा और इस क्षेत्र की बेहतरी के लिए कर रहे हैं। शहीदों को श्रद्घांजलि देते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि समाज स्वतन्त्रता सेनानियों के बलिदान को हमेशा याद रखेगा और वह उनके प्रति समर्पित होते हुए उनके कार्यों को पूरा करने का सदैव प्रयास करेगा। शहीद भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को श्रद्धांजली देते हुए श्री हुड्डा ने कहा कि साइमन कमीशन के विरोध प्रदर्शन में लाला लाजपत राय के नेतृत्व में सरदार भगत सिंह द्वारा गठित नौजवान भारत सभा सबसे आगे हिस्सा ले रही थी। लाला लाजपत राय अंग्रजी हुकूमत की घातक लाठियों के प्रहार के कारण वीरगति को प्राप्त हो गए थे। भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरू जैसे क्रांतिकारियों के दिलों को ठेस पंहुची थी और अंग्रेजों से बदला लेने की ठान ली। आज ही के दिन सन 1931 को भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव को फांसी दे दी गई। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जो समाज व देश अपने शहीदों की कुर्बानियों को भूल जाता है, वह कभी तरक्की नही कर सकता। देश की आजादी की लड़ाई में स्वतंत्रता सेनानियों ने जिन सपनों को देखकर देश को आजाद करवाया, उन्हीं के सपनों को वो प्रेरणास्त्रोत मानकर हरियाणा में विकास करवा रहे हैं। हुड्डा ने कहा कि उन्हें गर्व है कि लाला लाजपत राय तथा शहीद भगत सिंह के साथ उनके पारिवारिक सम्बन्ध रहे हैं। मेरे दादा चौ. मातू राम व भगत सिंह के चाचा सरदार अजीत सिंह को एक ही दिन काले पानी की सजा सुनाई थी। उन्होेंने स्मरण करवाया कि 1923 के चुनाव में उनके दादा चौ. मातू राम के चुनाव का केस भी लाला लाजपत राय ने लड़ा था और मेरे दादाजी केस जीते थे। मुख्यमंत्री ने रहस्योदघाटन किया कि जब पहली बार वे अपने पिता स्वर्गीय श्री रणबीर सिंह के साथ संसद भवन गए थे तो उन्होंने सबसे पहले वह स्थान मुझे दिखाया था, जहां पर भगत सिंह ने बम फेंके थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अम्बाला एक एतिहासिक जिला रहा है। वर्ष 1857 की क्रांति की पहली चिंगारी मेरठ से 9 घंटे पहले अम्बाला से फूटी थी, जो बाद में मेरठ में शोला बनी और अंग्रेजी हुकूमत को हिला दिया। अम्बाला शहर में कांग्रेस पार्टी की स्थापना के समय यहां कार्यालय होता था और वे यहां कईं बार आए। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी की स्थापना में भी अम्बाला का विशेष योगदान रहा है। पार्टी की स्थापना के समय हरियाणा के एकमात्र सदस्य लाला मुरलीधर, जो उस अधिवेशन में शामिल हुए थे, वे भी अम्बाला जिला से सम्बन्धित थे। उन्होंने अम्बाला को हरियाणा का गेटवे बताते हुए कहा कि इसके विकास में कोई कमी नही छोडेंगे। वो चाहते हैं कि अम्बाला दिन दोगुनी और रात चौगुणी उन्नति करे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 से 2005 के इनेलो-भाजपा के कार्यकाल के दौरान पूरे अम्बाला जिलें में विकास कार्यों पर 413 करोड़ 92 लाख रुपए खर्च किए गए थे जबकि हमारे आठ वर्षों के कार्यकाल में 2703 करोड़ 58 लाख रुपए खर्च किए गए हैं तथा अकेले अम्बाला शहर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों पर 976.07 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार हरियाणा में स्वंतत्रता सेनानियों की पैंशन 2005 में 1525 रुपए थी, जो वर्तमान में बढ़ाकर 20 हजार रुपए कर दी गई है। हुड्डा ने कहा कि विकास के मुख्य रूप से चार मानदंड होते हैं, जिनमें प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, प्रति व्यक्ति योजना बजट खर्च व संसाधन जुटाना शामिल है। इनमें हरियाणा देश में नम्बर एक पर है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तौर पर हरियाणा मजबूत है। कुछ लोग गुजरात का ढिंढोरा पीट रहे हैं, जो सही नही है। उन्होंने कहा कि आजादी के दीवानों का सपना था कि देश की तरक्की हो और हर व्यक्ति के पास छत हो, वस्त्र हों और कोई भूखा न रहे। उन्होंने कहा कि यूपीए अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी व प्रधानमंत्री डा0 मनमोहन सिंह का भी सोच है कि कोई भी व्यक्ति बगैर छत के न रहे। उन्होंने बताया कि हाल ही में हरियाणा सरकार द्वारा घोषित की गई प्रियदर्शनी आवास योजना भी आजादी के शहीदों के सपने पूरे करने का हिस्सा है। मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से कहा कि आज वे संकल्प लेकर जाएं कि शहीदों के सपनों को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि आज देश के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती ऐसी ताकतों का मुकाबला करने की है, जो देश को धर्म, जात-पात व क्षेत्र के नाम पर तोडने की कोशिश कर रही हैं। ऐसी ताकतों से हमें सावधान रहना है। कांग्रेस पार्टी का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आज वक्त आ गया है कि हर देशवासी यह सोचे कि सबसे पहले देश है, उसके बाद खुद व परिवार। समारोह में श्री विनोद शर्मा ने अम्बाला जिला के स्वतंत्रता सेनानी प्रीति लाल की धर्मपत्नी 87 वर्षीय व्योवृद्धा श्रीमती सुशीला देवी का वह पत्र पढ़कर सुनाया, जो 1973 में मुख्यमंत्री के पिता स्वर्गीय रणबीर सिंह ने उनके घर भेजा था, जिसमें पहली बार स्वतंत्रता सेनानियों के लिए 250 रुपए प्रतिमास पैंशन की स्वीकृति दी गई थी। आज सुशीला देवी ने भी एक पत्र भेजकर स्वतंत्रता सेनानियों के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दिया है। इस पर मुख्यमंत्री भावुक हुए बिना न रह सके। उन्होंने कहा कि पलवल से लेकर कालका और नारनौल से सिरसा तक पूरे प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने समान विकास करवाया है। पिछले आठ वर्षों में जितना विकास हरियाणा में हुआ, उतना भारत में कहीं नही हुआ। गुजरात से हम कहीं आगे हैं। गुजरात का विकास वहां के मुख्यमंत्री द्वारा स्वंय के गुणगान पर आधारित है जबकि हरियाणा में हर क्षेत्र में विकास की वास्तविक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने अम्बाला शहर में सीवरेज के लिए 177 करोड़ रुपए तथा नहरी पेयजल परियोजना के लिए 182 करोड़ रुपए उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने नग्गल क्षेत्र में 18 करोड़ रुपए की लागत से बाढ़ नियंत्रण परियोजना का कार्य पूरा करवाने के साथ-साथ अम्बाला शहर में स्टेडियम के निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपए, सब्जी मंडी के निर्माण के लिए 20 करोड रुपए की राशि उपलब्ध करवाई है। इसके अतिरिक्त महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए भी मुख्यमंत्री ने अम्बाला में राजकीय कन्या महाविद्यालय की स्थापना करवाई है। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री को गांव की महिलाओं और लड़कियों द्वारा रखी गई मांग से अवगत करवाते हुए स्कूलों को अपग्रेड करने की मांग भी रखी ताकि लड़कियों गांव स्तर पर ही 10वीं से आगे की शिक्षा हासिल कर सकें। उन्होंने अम्बाला शहर में हिसार रोड़ से राष्ट्रीय राजमार्ग नम्बर एक तक प्रस्तावित बाईपास के निर्माण के दौरान आवासीय क्षेत्रों को छोडकर खाली भूमि में इसका निर्माण करवाने का अनुरोध किया। विनोद शर्मा ने इस मौके पर भारत के स्वतंत्रता आंदोलन और देश के संविधान के निर्माण में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के पिता स्वर्गीय रणबीर सिंह हुड्डा के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री रणबीर सिंह को उन्होंने नजदीकी से देखा है, वे सच्चे राष्ट्रवादी इंसान थे और वे कांग्रेस, देश व समाज के प्रति समर्पित थे। समारोह को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष फूलचंद मुलाना, विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप शर्मा, विधायक विनोद शर्मा, मुख्य संसदीय सचिव राम किशन गुज्जर, पूर्व मंत्री निर्मल सिंह ने भी सम्बोधित किया और शहीदों को नमन किया। समारोह में मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार प्रो0 वीरेन्द्र, अतिरिक्त मीडिया सलाहकार सुनील परती, अम्बाला-पंचकूला के पुलिस आयुक्त राजबीर देसवाल, उपायुक्त शेखर विद्यार्थी, पुलिस उपायुक्त अशोक कुमार सहित अनेक अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here