जल्द लागू करेंगे खाद्य सुरक्षा कानून
आई एन वी सी न्यूज़
राँची,
केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री रामविलास पासवान ने झारखंड में खाद्य सुरक्षा कानून लागू करने में पूरी सहायता का भरोसा दिया है। इसकी तैयारियों की समीक्षा के लिए वह छह जून को झारखंड आएंगे।
खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग, झारखंड सरकार के मंत्री सरयू राय ने आज दिल्ली में केंद्रीय मंत्री श्री रामविलास पासवान से मुलाकात की। श्री पासवान के संसद स्थित कार्यालय में आयोजित बैठक में श्री राय ने झारखंड में जनवितरण प्रणाली की स्थिति की जानकारी दी। श्री राय ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम लागू करने संबंधी चुनौतियां एवं कठिनाइयों से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। श्री राय ने झारखंड में भंडारण क्षमता बढ़ाने तथा किसानों की उपज न्यूनतम मूल्य पर खरीदने में केंद्र से करीब दो सौ करोड़ रुपयों की सहायता की मांग की। उन्होंने राज्य में एफसीआइ का ढांचा मजबूत करने पर जोर भी दिया।
राय से चर्चा के क्रम में केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने हर संभव सहायता करने और छह जून को स्वयं रांची आकर वस्तुस्थिति से अवगत होने का भरोसा दिलाया। इस दौरान श्री पासवान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 को झारखंड में लागू करने के साथ ही भारत सरकार के फूड कारपोरेशन के कार्यों की भी समीक्षा करेंगे। इस क्रम में झारखंड सरकार के फूड कारपोरेशन एवं विभिन्न योजनाओं में केंद्र से झारखंड को मिल रहे अनाज की अनियमितता दूर करने संबंधी विषयों पर भी महत्वपूर्ण फैसले लिए जाएंगे।
सरयू राय ने केंद्रीय मंत्री के साथ हुई मुलाकात को काफी संतोषप्रद बताते हुए कहा है कि श्री पासवान के झारखंड आगमन से राज्य में खाद्य सुरक्षा कानून लागू करने और जनवितरण प्रणाली को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।