अब 1385 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी किसानों से गेहूँ की खरीदी – शिवराज सिंह चौहान

Published on February 19, 2012 by   ·   No Comments Print This Post Print This Post

 

आई.एन.वी.सी,,

भोपाल,,

                             मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि अगले वित्तीय वर्ष में 1270 रुपये प्रति क्विंटल के स्थान पर बढ़ी हुई दर 1385 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य और बोनस राशि पर किसानों से गेहूँ खरीदा जायेगा। इससे अब किसानों को प्रति क्विंटल 115 रुपये का ज्यादा लाभ मिलेगा। श्री चौहान आज सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र में विकास यात्रा के दौरान शाहगंज में सभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने शाहगंज में विकास यात्रा को यादगार बनाते हुए इस क्षेत्र के विकास के लिये 23 करोड़ 90 लाख रुपये की सौगातें भी दीं। उन्होंने ग्राम डूंगरिया में 8 करोड़ 89 लाख की लागत से बनने वाले 132/33 के.व्ही. विद्युत सब-स्टेशन की आधारशिला भी रखी। इस सब-स्टेशन से 140 गाँवों के सवा दो लाख से ज्यादा रहवासी लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने ग्राम सरदारनगर एवं ग्वांरखेड़ा में 2 करोड़ 15 लाख की लागत के फीडर सेपरेशन कार्य एवं 64 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क एवं नाली का लोकार्पण किया। श्री चौहान ने शाहगंज में 53 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन का भूमि-पूजन किया। उन्होंने पंच-परमेश्वर योजना में क्षेत्र की 62 ग्राम-पंचायतों में 5 करोड़ 47 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीमेंट-कांक्रीट सड़क एवं नाली के निर्माण कार्यों का शुभारंभ भी किया।

अन्य घोषणाएँ

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आई.टी.आई. शाहगंज में शेष सभी ट्रेड शुरू किये जायेंगे। शाहगंज के विकास के लिये 50 लाख की राशि मुहैया करवाई जायेगी। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों को बनाने और जहाँ जरूरी होगा वहाँ डामरीकरण करवाया जायेगा। श्री चौहान ने मुख्यमंत्री आवास मिशन, राष्ट्रीय परिवार सहायता, लाड़ली लक्ष्मी योजना और समग्र स्वच्छता अभियान के 24 हितग्राहियों को 4 लाख 67 हजार की राशि के चेक भी वितरित किये।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने प्रदेश के विकास को प्राथमिकता दी है। अनेक ऐसी योजनाएँ संचालित हो रही हैं, जिनका सामाजिक सरोकारों से सीधा वास्ता है। हाल ही में फेरीवालों और मछुआरों की पंचायतें बुलाकर उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के प्रयास किये गये हैं। कन्यादान योजना और लाड़ली लक्ष्मी जैसी योजनाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव आया है। श्री चौहान ने कहा कि अब हर अंत्योदय मेले सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी बीमारों व निःशक्तजन के स्वास्थ्य की जाँच के लिये शिविर लगाये जायेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में एक साल के भीतर फीडर सेपरेशन का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पॉवर सेक्टर के लिये 2 महत्वपूर्ण लक्ष्य तय किये गये हैं, जिनमें एक जनवरी, 2013 से सभी घरों में 24 घंटे उचित गुणवत्ता से घरेलू बिजली देने और कृषि के लिये 3 फेज लगाकर कम से कम 8 घंटे अच्छी गुणवत्ता से बिजली दी जायेगी। प्रदेश का कोई भी बच्चा अब शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। मजदूर परिवारों के बच्चों को जहाँ पहली कक्षा से वजीफा देना शुरू किया गया है वहीं कक्षा एक से 12 तक के सभी बच्चों को सरकार द्वारा निःशुल्क पुस्तकें मुहैया करवाई जा रही हैं। अब बालिकाओं के अलावा बालकों को भी स्कूल जाने के लिये साइकिलें दी जा रही हैं। हाल ही में आयोजित विद्यार्थी पंचायत में उन विद्यार्थियों को लेपटाप दिये गये जिन्होंने सरकारी स्कूलों में पढ़ते हुए 80 फीसदी से ज्यादा अंक प्राप्त किये थे।

इस मौके पर हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री रामपाल सिंह, वन विकास निगम के अध्यक्ष

श्री गुरुप्रसाद शर्मा, वेअर हाउसिंग कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र सिंह राजपूत, मार्कफेड के अध्यक्ष श्री रमाकांत भार्गव, गौ-संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष श्री शिवकुमार चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र चौहान, श्री रघुनाथ सिंह भाटी सहित अनेक जन-प्रतिनिधि एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


Twitter del.icio.us Digg Facebook linked-in Yahoo Buzz StumbleUpon

Tags:  , , , , , , , ,

Readers Comments (0)




Please note: Comment moderation is enabled and may delay your comment. There is no need to resubmit your comment.

Weboy
Free WordPress Theme